गिरफ्तारियों से बैंक अधिकारियों में भय का माहौल, रायपुर में प्रदर्शन

रायपुर – राजधानी रायपुर में इंडियन ओवरसीज़ बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने आज प्रदेशभर से आए करीब 200 बैंककर्मी अपने परिजनों सहित एकत्र हुए और हाल ही में छत्तीसगढ़ में कुछ बैंक अधिकारियों की हुई गिरफ्तारियों का विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को बैंकिंग समुदाय के लिए भय और असुरक्षा का कारण बताया।
आल इंडिया बैंक अधिकारी महासंघ (AIBOC) छत्तीसगढ़ राज्य इकाई के राज्य सचिव वाई. गोपाल कृष्णा ने कहा कि लगातार हो रही गिरफ्तारियों और पुलिस की चेतावनियों से बैंक अधिकारी गहरे तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी हमेशा बैंक की निर्धारित नीतियों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही खाते खोलते हैं। यदि इस आधार पर निर्दोष अधिकारियों को दोषी ठहराया गया तो भविष्य में अधिकारी खाते खोलने से हिचकिचाएँगे, जिससे सरकार की वित्तीय समावेशन योजना पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और अंततः आम नागरिकों को ही सबसे अधिक नुकसान होगा।
गोपाल कृष्णा ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी की संलिप्तता ठोस प्रमाणों के साथ सिद्ध होती है, तो महासंघ उसका समर्थन नहीं करेगा। लेकिन केवल आशंका या सतही आधारों पर गिरफ्तारियाँ करना न्यायोचित नहीं है।
सभी बैंक अधिकारियों ने राज्य प्रशासन और पुलिस से मांग की कि किसी भी कार्रवाई से पूर्व ठोस प्रमाण प्रस्तुत किए जाएँ, विशेषज्ञ बैंक अधिकारियों की राय लेकर तथ्यों की जाँच की जाए और निर्दोष अधिकारियों को प्रताड़ित न किया जाए।


