महुआ मोइत्रा के बयान पर बिफरा छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज, FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग ममता बनर्जी से सांसद को वापस बुलाने की अपील, कहा – बांग्लाभाषियों के खिलाफ माहौल बना रहीं TMC नेता

0
45

महुआ मोइत्रा के बयान पर बिफरा छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज, FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग
ममता बनर्जी से सांसद को वापस बुलाने की अपील, कहा – बांग्लाभाषियों के खिलाफ माहौल बना रहीं TMC नेता

रायपुर। अपने राजनीतिक लाभ के लिए पश्चिम बंगाल के कुछ TMC नेताओं द्वारा बंग समाज की अस्मिता से बार-बार खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने तीखा विरोध दर्ज किया है। समाज का कहना है कि इस प्रकार की राजनीति न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देशभर में शांतिपूर्वक रह रहे बांग्लाभाषी नागरिकों के लिए खतरा उत्पन्न कर रही है।

संयुक्त बंग समाज के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में TMC सांसद महुआ मोइत्रा के बयानों को लेकर कड़ी आपत्ति जताई और छत्तीसगढ़ सरकार से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। माना थाना में समाज के सदस्य गोपाल सामंतो द्वारा महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

समाज का कहना है कि जब-जब छत्तीसगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों पर कार्रवाई की, तब-तब महुआ मोइत्रा ने न केवल राज्य पुलिस के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं, बल्कि देश के गृह मंत्री के खिलाफ भी आपत्तिजनक और हिंसक बयान देकर सांप्रदायिक वैमनस्यता को हवा दी।

“TMC नेताओं द्वारा बांग्लाभाषी और बांग्लादेशी के बीच का अंतर मिटाकर वोटबैंक की राजनीति की जा रही है,” यह आरोप लगाते हुए वक्ताओं ने कहा कि इससे देशभर के तीन करोड़ से अधिक बांग्लाभाषियों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है।

बंग समाज ने यह भी आशंका जताई कि अगर ऐसे भड़काऊ बयानों पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो, देश में 1984 जैसे हालात दोहराए जा सकते हैं, जब इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पूरे देश में सिख समाज को निशाना बनाया गया था।

ममता बनर्जी से अपील – सांसद को वापस बुलाएं
बंग समाज ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वे महुआ मोइत्रा को स्वयं संसद से वापस बुलाएं और देशभर में रह रहे शांतिप्रिय बंग समाज के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करें। समाज ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो वे लोकसभा अध्यक्ष और राष्ट्रपति से संपर्क कर मोइत्रा के निष्कासन की मांग करेंगे।

प्रेरणा से दाखिल की गई कैविएट
प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि समाज की प्रेरणा से माननीय सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ में कैविएट भी दाखिल किया गया है, जिससे इस मुद्दे पर किसी भी निष्कर्ष से पहले समाज की बात सुनी जा सके। यह कदम इसलिए भी उठाया गया है ताकि किसी भी राज्य में बंग समाज को लेकर वैमनस्यता ना पनपे।

प्रेस वार्ता में शामिल रहे प्रमुख सदस्य
इस विरोध के दौरान समाज के प्रमुख सदस्य शुभ्रत चाकी, गोपाल सामंतो, विवेक बर्धन, तन्मय चटर्जी, शिव दत्ता, रुमा सेनगुप्ता, सुबीर साहा, राजीव चक्रबोर्ती, देबाशीष मुखर्जी, सुचित्रा वर्धन और बापी राय उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर अपने समाज की गरिमा और अस्मिता से समझौता नहीं करेंगे और ऐसी ओछी राजनीति का हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here