रामनगर अंडरब्रिज और तेलघानी नाका ब्रिज होंगे वन-वे: शाम 5 से रात 9 बजे तक जाम से राहत के लिए ट्रैफिक पुलिस की नई तैयारी

0
34

रामनगर अंडरब्रिज और तेलघानी नाका ब्रिज होंगे वन-वे: शाम 5 से रात 9 बजे तक जाम से राहत के लिए ट्रैफिक पुलिस की नई तैयारी

रायपुर। राजधानी के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शामिल रामनगर अंडरब्रिज और तेलघानी नाका ओवरब्रिज पर जल्द ही बड़ा ट्रैफिक बदलाव होने जा रहा है। दोनों मार्गों को अगले महीने से वन-वे रूट बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। रोजाना यहां 40 से 45 हजार तक वाहन गुजरते हैं, जिसके चलते विशेषकर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक भारी जाम लग रहा है।

नई व्यवस्था कैसे चलेगी?

ट्रैफिक पुलिस की नई योजना के अनुसार—गुढियारी, कोटा और रामनगर की ओर जाने वाले वाहन अब रामनगर अंडरब्रिज का इस्तेमाल करेंगे।उधर से वापस लौटने वाले वाहन सीधे तेलघानी नाका ओवरब्रिज से गुजरेंगे।अंडरब्रिज से रिटर्न की अनुमति नहीं होगी, ताकि वहाँ जाम न बने।

इस बदलाव से तेलघानी चौक और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना लगने वाला जाम काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

व्यापारियों की प्रमुख मांगें

स्थानीय कारोबारियों ने भी जाम से निपटने के लिए कई सुझाव दिए हैं—अग्रसेन चौक का सिग्नल बंद किया जाए।सड़क पर नो पार्किंग लागू की जाए और ठेला-गुमटी पूरी तरह हटाई जाए।दुकानदार सड़क पर सामान न सजाएँ।तेलघानी चौक स्थित शराब भट्टी हटाने की मांग।अग्रसेन चौक के पास अगरू होटल का विस्थापन।पंजाब दाल मिल गली से रॉन्ग साइड आने वालों पर सख्त कार्रवाई।ट्रांसपोर्ट एवं गोदामों को आउटर एरिया में शिफ्ट किया जाए।

जाम के प्रमुख कारण क्या हैं?

150 से ज्यादा ट्रांसपोर्टर, 300 से ज्यादा वाहन

तेलघानी नाका क्षेत्र में 150 से अधिक ट्रांसपोर्टर कार्यरत हैं और 300 से ज्यादा मालवाहक गाड़ियां रोजाना आती-जाती हैं। शाम के समय माल की आवक कई गुना बढ़ जाती है, जिससे सड़क पर भीड़ बढ़ जाती है।

प्रशासन से कई बार माल उतारने-चढ़ाने के लिए अलग जमीन देने की मांग की गई है। पिछली बैठक में देवपुरी, निमोरा एवं ट्रांसपोर्ट नगर के पास जमीन देने का प्रस्ताव रखा गया था। वर्तमान में प्रशासन निमोरा में जमीन देने पर विचार कर रहा है।

शाम के समय मालवाहक और ई-रिक्शा बढ़ाते हैं परेशानी

कारोबारियों के अनुसार शाम 5 बजे के बाद सड़क पर ई-रिक्शा, ऑटो और मालवाहक वाहनों की बढ़ी संख्या जाम का बड़ा कारण है।

300 से ज्यादा दुकानें, होटल और लॉज

क्षेत्र में 300 से अधिक दुकानों के साथ होटल और लॉज की भीड़ होने से दिनभर आवागमन रहता है। रेलवे स्टेशन नजदीक होने के कारण 24 घंटे लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

सबसे ज्यादा ट्रैफिक सुबह 10-12 बजे और शाम 5-9 बजे के बीच प्रभावित होता है।ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने पर जाम की समस्या में काफी सुधार देखने को मिलेगा। जल्द ही इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेकर इसे अमल में लाया जाएगा।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here