
बड़ी खबर : 10 राज्यों में ED की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल कॉलेज स्कैम में 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापे


रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मेडिकल कॉलेज स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में ED ने एक साथ 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। दिल्ली से पहुंची टीम ने रायपुर में भी जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की 30 जून को दर्ज FIR के आधार पर की जा रही है। इस FIR में प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को जुड़े भ्रष्टाचार और रिश्वत के गंभीर आरोप शामिल हैं।

आरोप है कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के कुछ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेकर मेडिकल कॉलेजों को इंस्पेक्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी लीक कर रहे थे। इस जानकारी के आधार पर कॉलेज प्रबंधन और बिचौलिए निरीक्षण मानकों में हेराफेरी कर कोर्स की मान्यता और मंजूरी हासिल कर लेते थे।
ED ने जिन ठिकानों पर छापेमारी की है, उनमें विभिन्न राज्यों के 7 मेडिकल कॉलेजों के अलावा FIR में नामित लोगों के आवास और कार्यालय शामिल हैं। यह कार्रवाई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में की गई है।
जांच एजेंसियों को इस छापेमारी में कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




