चेंबर भवन में द्वितीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, नवीन ट्रेड लाइसेंस को लेकर चेंबर ने व्यक्त किया तीव्र विरोध -बैठक में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय

0
37

 

चेंबर भवन में द्वितीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, नवीन ट्रेड लाइसेंस को लेकर चेंबर ने व्यक्त किया तीव्र विरोध -बैठक में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ की कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 29 नवंबर 2025 को दोपहर 12 बजे चेंबर कार्यालय चौ. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन, बाम्बे मार्केट, रायपुर में आयोजित हुई। विषय सूची के अनुसार बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई, जिसमें पिछली कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही का पठन एवं अनुमोदन, प्राप्त लगभग 247 नवीन सदस्यता आवेदन पत्रों की सूक्ष्म समीक्षा उपरांत स्वीकृति, 113 सदस्यों द्वारा प्रस्तुत फर्म नाम परिवर्तन, स्थान परिवर्तन एवं प्रतिनिधि परिवर्तन से संबंधित आवेदन, ₹2000 से अधिक के व्यय अनुमोदन तथा अध्यक्ष महोदय की अनुमति से अन्य विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। सभी विषयों पर कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।

पिछली बैठक की कार्यवाही का पठन चेंबर प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन ने किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने एकमत से अनुमोदित किया। ₹2000 से अधिक के व्यय तथा आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री निकेश बरडिया द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
चेंबर के आजीवन सदस्यों की सदस्यता शुल्क 31 मार्च 2026 तक ₹3500 रहेगा, इसके पश्चात सदस्यता शुल्क में संशोधन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवीन भवन हेतु नवा रायपुर में उपलब्ध 5000 वर्ग फीट भूमि की जानकारी दी गई। साथ ही यह निर्देशित किया गया कि चेंबर द्वारा 31 मार्च 2026 तक जारी किए गए 50% अंशदान का आय-व्यय प्रतिवेदन 30 जून 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा तथा सभी इकाईयां अपने बैंक खातों का विवरण भी उपलब्ध कराएं।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी के नेतृत्व में व्यापारियों द्वारा स्वदेशी अपनाने की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि ‘ आया त्योंहार -चलो बाज़ार’ जैसे अभियानों से स्वदेशी उत्पादों की ओर आम जन का रुझान बढ़ा।

बैठक में डीआरयूसीसी रायपुर में सदस्य के रूप में नामांकित होने पर चेंबर उपाध्यक्ष श्री लोकेश चंद्रकांत जैन एवं श्री जितेंद्र शादीजा को सम्मानित किया गया एवं यह सुनिश्चित किया गया कि रेल उपयोगकर्ताओं के हितों का प्रभावी प्रतिपादन किया जाएगा तथा वाणिज्य समुदाय से जुड़े सुझावों और आवश्यकताओं को दृढ़तापूर्वक रखा जाएगा।

महिला चेंबर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी के नेतृत्व में महिला व्यापारियों के आर्थिक, सामाजिक एवं समग्र उत्थान हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ‘हमारे सपनों के आंगन बाजार’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस पहल से अब तक सैकड़ों महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।

चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेश वासवानी ने अपने संबोधन में कहा कि वे 28 वर्षों से चेंबर की कार्यकारिणी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं और पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री श्रीचंद सुंदरानी जी, श्री पूरनलाल अग्रवाल जी के मार्गदर्शन में व्यापारियों के हितों की अनेक लड़ाइयाँ लड़ी एवं जीती हैं। उन्होंने पंडरी कपड़ा मार्केट में हुई कार्यवाही पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए कहा कि व्यापारियों की अस्मिता और चेंबर के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने भूमि मूल्य में हुई अत्यधिक वृद्धि, रियल एस्टेट रजिस्ट्रीकरण, क्रेडिट/डेबिट कार्ड पर लग रहे अतिरिक्त शुल्क एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बीमा से संबंधित मुद्दों पर शासन स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता जताई।

चेंबर कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि चेंबर लगातार विभिन्न विषयों पर काम कर रही है इन्हीं में से एक विषय है जिसका प्रभार प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी जी ने उन्हें सौंपा है जो है ट्रेड लाइसेंस का विषय उक्त विषय पर निगम से यह जानकारी प्राप्त हुई थी कि निगम एक समेकित कर लेती है जो 400 से 600 रुपए तक की होती है जिसका उपयोग शहर की साफ सफाई एवं फायर ब्रिगेड का संचालन करने में किया जाता है ठीक उसी डोर टू डोर कचरा उठाने हेतु यूज़र चार्ज लिया जाता है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा पूर्व में प्रदत्त गुमास्ता लाइसेंस अब श्रम विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया है और निगम द्वारा नए रूप में ट्रेड लाइसेंस लागू किया गया है, जिसमें शुल्क संरचना अत्यधिक वृद्धि के साथ प्रति वर्गफुट ₹4–₹6 निर्धारित की गई है। पहले ₹630 का स्थिर शुल्क लिया जाता था, जो अब 1000 वर्गफुट के तीन मंजिला प्रतिष्ठान पर लगभग ₹18,000 तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि यह छोटे व्यापारियों पर असंगत आर्थिक बोझ है, जिसके विरोध में चेंबर एकमत है।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं व्यापारीगणों ने इस नए ट्रेड लाइसेंस नियम पर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया।

वाइस चेयरमैन श्री चेतन तरवानी ने कहा कि व्यापारी अपनी समस्याएँ लिखित रूप में प्रस्तुत करें ताकि चेंबर उनका यथोचित समाधान कर सके। उन्होंने गुमास्ता लाइसेंस समाप्ति के पश्चात 10 से अधिक कर्मचारियों वाली संस्थाओं के लिए लीन (लेबर आइडेंटिफिकेशन नंबर) की अनिवार्यता की जानकारी भी दी।

चेंबर चेयरमेन श्री गोपालकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि कार्यकारिणी बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें सुगम व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्री थौरानी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक श्री पूरन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग को सशक्त होकर अपनी बात रखनी होगी। गलत संशोधन का विरोध करना हमारा दायित्व है और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। ट्रेड लाइसेंस नियम का सरलीकरण अनिवार्य है, अन्यथा व्यापक विरोध किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने कहा कि छोटे व्यापारियों के हित में चेंबर सदैव प्रतिबद्ध है और नियमित रूप से कार्यशालाएँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि चेंबर एवं छत्तीसगढ़ बार एसोसिएशन की 4 घंटे की मैराथन संयुक्त बैठक से छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि आज चेंबर लगातार व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों से आए समस्याओं का तुरंत ही निदान करने हेतु तत्पर रहती है। आपको समाधान के लिए चेंबर को अपनी समस्याओं से अवगत कराना होगा इकाइयों द्वारा प्रेषित पत्रों से स्पष्ट है कि ट्रेड लाइसेंस छोटे व्यापारियों के लिए अत्यंत पीड़ादायक नियम है, जिसका चेंबर विरोध करता है। शासन से हम यह निवेदन करेंगे की इस नियम का सरलीकरण किया जाए। चेंबर हमेशा ही व्यापारियों एवं शासन के मध्य सेतु का कार्य करता आया है।

उन्होंने कहा की चेंबर की सतत पहल का परिणाम है कि जीएसटी में व्यापारियों को महत्वपूर्ण राहत प्राप्त हुई है। इतिहास में पहली बार किसी व्यापारिक संगठन ने प्रत्यक्ष रूप से केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से मिलकर व्यापारिक समुदाय की समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि 31 मार्च तक सभी इकाइयाँ अपने सदस्यों के जीएसटी एवं मोबाइल नंबर अद्यतन कर चेंबर कार्यालय में उपलब्ध कराएँ, ताकि प्रत्येक सदस्य तक जानकारी समय पर पहुँच सके।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अजय भसीन एवं कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी महामंत्री अमर सुल्तानिया ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, संरक्षक पूरनलाल अग्रवाल, लालचंद गुलवानी, सलाहकार सरल मोदी, अरविंद जैन, लखमशी पटेल, अशोक मलानी, गुरजीत सिंह संधू, चेयरमेन गोपाल कृष्ण अग्रवाल, वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कार्यकारी महामंत्री कपील दोशी, विकास आहूजा, अमर सुल्तानिया एवं बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, कोरिया, मुंगेली, दल्ली राजहरा, बालोद, महासमुंद, अंबिकापुर, कोरिया, सारंगढ़, तिल्दा, भाटापारा, बेमेतरा, धमतरी, सक्ती, बाराद्वार, बरमकेला, कोरबा, कांकेर, सरायपाली, महासमुंद, नैला, जांजगीर, महेंद्रगढ़ पूरे प्रदेश के इकाई अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण, पूरे प्रदेश से उपाध्यक्ष मंत्री कार्यकारिणी सदस्य एवं व्यापारिक औद्योगिक संघो के प्रतिनिधि सहित लगभग 200 से अधिक कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here