छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की “हेल्पलाईन 2026” 5 फरवरी से शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगा विषय विशेषज्ञों व मनोवैज्ञानिकों का सहयोग

0
104

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की “हेल्पलाईन 2026” 5 फरवरी से शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगा विषय विशेषज्ञों व मनोवैज्ञानिकों का सहयोग

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी एवं हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं के मद्देनज़र विद्यार्थियों की सहायता के लिए “हेल्पलाईन 2026” की शुरुआत की जा रही है। मंडल अध्यक्ष श्रीमती रेणु जी पिल्ले के संरक्षण में एवं सचिव श्रीमती पुष्पा साहू के आदेशानुसार यह हेल्पलाईन दिनांक 05 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी।

हेल्पलाईन के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक प्रातः 10:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक मंडल के टोल फ्री नंबर 18002334363 पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक अंग्रेजी, गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, विज्ञान, जीव विज्ञान एवं लेखाशास्त्र जैसे विषयों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों की विषयगत कठिनाइयों का समाधान किया जाएगा। इस दौरान मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक अभिप्रेरक एवं मंडल के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जो परीक्षा-भय और परीक्षा तनाव से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श देंगे। विशेष बात यह है कि रविवार के दिनों में भी कार्यालयीन समय में हेल्पलाईन संचालित रहेगी।

हेल्पलाईन का द्वितीय चरण दिनांक 19 फरवरी 2026 से 17 मार्च 2026 तक संचालित होगा, जिसमें आगामी दिवस को होने वाली विषयवार परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण विषय विशेषज्ञों एवं मंडल के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

हेल्पलाईन का संचालन उपसचिव डॉ. बी. रघु के मार्गदर्शन में डॉ. प्रदीप कुमार साहू (हेल्पलाईन समन्वयक) के समन्वय से किया जाएगा। इस कार्य में सहायक प्राध्यापक श्रीमती प्रीति शुक्ला, श्रीमती मनीषी सिंह, श्रीमती शिवा सोमवंशी एवं श्रीमती अलका जैन का विशेष सहयोग रहेगा।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की यह पहल परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों को मानसिक, शैक्षणिक एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here