
जोन क्रमांक 9 में ग्रीष्मकालीन तैयारी की समीक्षा बैठक संपन्न, पेयजल संकट से निपटने पर रहा विशेष फोकस


रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 9 की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आज जोन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जोन अंतर्गत सभी वार्डों में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक रणनीति तय करना रहा।
बैठक में वार्डवार समीक्षा करते हुए सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की वर्तमान जल आपूर्ति स्थिति, बोर खनन, टैंकर व्यवस्था, पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं और नागरिकों की शिकायतों की जानकारी दी। चर्चा के दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए वैकल्पिक जल व्यवस्था, नियमित निगरानी एवं त्वरित समाधान की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता जोन अध्यक्ष श्री गोपेश साहू ने की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाव हेतु फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव नियमित रूप से कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जोन क्षेत्र में हो रही अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई, वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की स्थिति तथा तालाबों एवं जल स्रोतों की नियमित सफाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में प्रमुख रूप से जोन अध्यक्ष श्री गोपेश साहू, MIC सदस्य श्री खेम सेन, पार्षदगण श्रीमती रेणु जयंत साहू, श्री मोहन साहू, श्रीमती प्रभा मनोज विश्वकर्मा, श्रीमती सावित्री भारत धीवर, जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा सहित जोन क्रमांक 9 के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और ग्रीष्मकाल में पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




