बेखौफ चोरों का आतंक : सूने मकान से जेवर-नकदी पार, सीसीटीवी में कैद संदिग्ध

0
52

बेखौफ चोरों का आतंक : सूने मकान से जेवर-नकदी पार, सीसीटीवी में कैद संदिग्ध

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक के बाद एक बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के इंदु इमैजिका कॉलोनी का है, जहां मकान नंबर 222 में रहने वाले यशवंत सिंह के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

गौरतलब है कि शहर में यह चोरी की पहली घटना नहीं है। हाल ही में सिविल लाइन क्षेत्र में भी इसी तरह की बड़ी वारदात सामने आई थी। अब चकरभाठा की घटना के बाद इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस को मौके से सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्ध गिरोह की तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित यशवंत सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत चकरभाठा पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें कुछ संदिग्धों के फुटेज सामने आए हैं। फुटेज में चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बिलासपुर में बढ़ती चोरी की घटनाएं पुलिस प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गई हैं। सिविल लाइन के बाद अब चकरभाठा की वारदात ने साफ कर दिया है कि शहर में कोई सक्रिय गिरोह काम कर रहा है। फिलहाल पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शहरवासी अब पुलिस से जल्द खुलासे की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि बेखौफ चोरों के गिरोह पर लगाम लग सके।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here