
युद्ध के बीच ईरान में 4.3 तीव्रता का भूकंप, गराश में हिली धरती; परमाणु परीक्षण की अटकलें तेज
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के माहौल में ईरान में मंगलवार, 3 मार्च 2026 को 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह भूकंप दक्षिणी ईरान के गराश इलाके में आया।


अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण संस्था (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई। एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
फार्स प्रांत के गराश में झटके
गराश, , ईरान के फार्स प्रांत में स्थित एक शहर है। यह Gerash County का मुख्यालय है और दक्षिणी ईरान के लारेस्तान क्षेत्र का हिस्सा माना जाता है। भूकंप के झटके आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए, हालांकि किसी बड़े नुकसान की तत्काल सूचना नहीं है।

भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र
ईरान दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय सक्रिय देशों में गिना जाता है। इसका मुख्य कारण अरेबियन प्लेट और यूरेशियन प्लेट के बीच टक्कर से बना जाग्रोस फोल्ड-थ्रस्ट बेल्ट है। गराश इसी सक्रिय भूगर्भीय क्षेत्र में आता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस इलाके में 4 से 5 मैग्निट्यूड के भूकंप आना असामान्य नहीं है और यह सामान्य भूगर्भीय गतिविधि का हिस्सा हो सकता है।
परमाणु परीक्षण को लेकर अटकलें
हालांकि वर्तमान में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण इस भूकंप को लेकर संदेह भी जताया जा रहा है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि युद्ध जैसी स्थिति में ईरान अपनी ताकत दिखाने के लिए भूमिगत परमाणु परीक्षण कर सकता है।
लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर अंडरग्राउंड न्यूक्लियर टेस्ट से 4.5 या उससे अधिक तीव्रता का भूकंपीय संकेत उत्पन्न होता है। फिलहाल उपलब्ध वैज्ञानिक आंकड़े इस भूकंप को प्राकृतिक भूगर्भीय गतिविधि से अलग नहीं ठहराते हैं।
वैज्ञानिक आंकड़ों पर जोर
भूवैज्ञानिकों का कहना है कि तनावपूर्ण हालात में हर भूकंप या विस्फोट को परमाणु परीक्षण से जोड़कर देखना उचित नहीं है। अभी तक ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण सामने नहीं आया है जो इस भूकंप को परमाणु परीक्षण से जोड़ता हो।
स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संबंधित एजेंसियां लगातार भूकंपीय गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं।




