
एकतरफा प्यार में पड़ोसी बना चोर: शादीशुदा महिला के अंडरगारमेंट चुराते युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार


उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक रात के अंधेरे में पड़ोसी के घर के बाहर पहुंचकर सूख रहे महिला के अंडरगारमेंट चोरी कर फरार हो जाता था। जब यह घटना बार-बार होने लगी तो परिवार को शक हुआ और उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें युवक की करतूत साफ दिखाई दे गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन इलाके का है। यहां रहने वाली एक महिला और उसके परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी कि उनके घर के बाहर सूख रहे कपड़ों में से बार-बार महिला के अंडरगारमेंट गायब हो रहे हैं। शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन जब यह सिलसिला कई बार दोहराया गया तो मामला संदिग्ध लगने लगा।

परिवार ने इस पर नजर रखने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में दिखाई दिया कि देर रात एक युवक धीरे-धीरे घर के बाहर आता है, पहले चारों तरफ नजर दौड़ाता है ताकि कोई उसे देख न ले। इसके बाद वह कपड़े सुखाने वाली रस्सी के पास पहुंचकर वहां टंगे महिला के अंडरगारमेंट निकालता है और मौके से फरार हो जाता है। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस ने 25 वर्षीय अंकित नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया, जो उसी इलाके का रहने वाला है और शिकायत करने वाली महिला का पड़ोसी है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली उस शादीशुदा महिला से एकतरफा प्यार करता है। इसी जुनून में वह उसके घर के बाहर सूख रहे अंडरगारमेंट चुरा लेता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी छाती पर महिला के नाम का टैटू भी बनवा रखा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुका था। देर रात मौका देखकर वह घर के बाहर पहुंचता और रस्सी पर सूख रहे कपड़ों में से महिला के अंडरगारमेंट चोरी कर भाग जाता था। बार-बार ऐसी घटना होने के बाद परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
चिमनगंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।




