राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर रायपुर में भव्य आयोजन की तैयारी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हो सकते है शामिल 

0
78

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर रायपुर में भव्य आयोजन की तैयारी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हो सकते है शामिल 

रायपुर । अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर 12 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक देशभर में श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राजधानी रायपुर में एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें 24 अप्रैल को कबीरधाम में होने वाले भव्य समापन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि परिषद के संरक्षक एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, विधायक एवं सांसदों की उपस्थिति भी संभावित बताई गई है, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।

यह राष्ट्रीय अभियान राजधानी दिल्ली से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों में संचालित हो रहा है, जिसका समापन 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में किया जाएगा। बैठक के दौरान पंचायत स्थापना दिवस के सफल आयोजन के लिए रूपरेखा, व्यवस्थाएं, जिम्मेदारियां और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक रायपुर स्थित विमला देवी चंद फाउंडेशन भवन में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से जिला, ब्लॉक एवं प्रखंड स्तर के संयोजक एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बरुण कुमार सिन्हा, मनोज जद्दोन, राष्ट्रीय महामंत्री वैभव डांगंगे, डॉ. रूद्र भानु (वित्त), श्रीमती प्रियंबदा सिंह सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की उपस्थिति संभावित बताई गई।

प्रदेश स्तर पर आयोजित इस बैठक में संरक्षक डॉ. ममता साहू, सलाहकार डॉ. उदयभान सिंह चौहान, प्रदेश महासचिव श्रीमती भगवती मिरज, संगठन मंत्री अनिता उके, सहसंयोजक दिनेश कुमार कौशिक, मंत्री अभिषेक खांडेकर, कार्यवाहक सहसंयोजक बी.वी. राजकुमार एवं महिला प्रकोष्ठ सहसंयोजक शिवानी सिंह राजपूत सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बस्तर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभागों से आए लगभग 150 से 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने 24 अप्रैल को कबीरधाम में आयोजित कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का संकल्प लिया। विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं और ग्राम पंचायत सरपंचों, जनपद एवं जिला पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

बैठक में आयोजन की सफलता के लिए प्रशासनिक तैयारियों पर भी जोर दिया गया। संबंधित विभागों—पुलिस, फायर, नगर निगम, स्वास्थ्य एवं ट्रैफिक विभाग—से समय पर अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रत्येक जिले में समन्वय को मजबूत करने के लिए अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर टीम गठन करने पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रभारी घनश्याम प्रसाद यादव के नेतृत्व में किया गया। बैठक का समापन छत्तीसगढ़ महतारी के राज्य गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

अखिल भारतीय पंचायत परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि 24 अप्रैल को कबीरधाम में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल ऐतिहासिक होगा, बल्कि पंचायतों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी साबित होगा।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here