छत्तीसगढ़ पंचायत परिषद ने मनाया अपना स्थापना दिवस , 24 अप्रैल को भव्य आयोजन की तैयारी

0
14

छत्तीसगढ़ पंचायत परिषद ने मनाया अपना स्थापना दिवस , 24 अप्रैल को भव्य आयोजन की तैयारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ पंचायत परिषद का स्थापना दिवस राजधानी रायपुर में आरोग्य हॉस्पिटल के सामने स्थित कुबेर अपार्टमेंट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के प्रदेश संयोजक घनश्याम प्रसाद यादव ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुआ। स्वागत भाषण जिला संयोजक रोशना डेविड द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात प्रदेश संयोजक ने प्रदेश सलाहकार डॉ. उदयभान सिंह चौहान को आमंत्रित किया, जिन्होंने स्थापना दिवस (12 अप्रैल से 24 अप्रैल) मनाने के उद्देश्य एवं इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ पंचायत परिषद की स्थापना 12 अप्रैल 1958 को देवघर (तत्कालीन बिहार) में प्रथम सम्मेलन के दौरान हुई थी, जिसका नेतृत्व संस्थापक अध्यक्ष बलवंत राय मेहता ने किया था, जिन्हें पंचायती राज का जनक माना जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में पंचायती राज व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ 2 अक्टूबर 1959 को राजस्थान के नागौर में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा किया गया था।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस प्रत्येक वर्ष 24 अप्रैल को मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन 1993 में 73वां संविधान संशोधन अधिनियम लागू हुआ था, जिससे पंचायतों को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ। 12 अप्रैल से 24 अप्रैल तक कार्यक्रम मनाने का उद्देश्य स्थापना दिवस और राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को जोड़ते हुए पंचायत स्तर पर जनजागरण एवं सहभागिता बढ़ाना तथा ग्रामीण स्वशासन को मजबूत करना है।

अपने ओजस्वी संबोधन में डॉ. चौहान ने कहा कि राज्य को जाति में बांटने के बजाय “हम सब छत्तीसगढ़िया हैं” की भावना से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल पदाधिकारी बनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गांव-गांव जाकर जनप्रतिनिधियों के बीच सक्रिय कार्य करना आवश्यक है। ग्राम सभा को सशक्त कर स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने से ही वास्तविक विकास संभव है।

प्रदेश संयोजक घनश्याम यादव ने बताया कि 24 अप्रैल 2026 को रायपुर में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि परिषद की टीम डिजिटल माध्यमों से गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन को मजबूत कर रही है और नए कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सभी से एक वर्ष का समय और पूर्ण सहयोग मांगते हुए 100 प्रतिशत परिणाम देने का लक्ष्य रखा।

सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हाथ उठाकर पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संभागों से आए प्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। दुर्ग, कांकेर, खैरागढ़, रायपुर ग्रामीण और बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों में संयोजक एवं सह-संयोजक नियुक्त किए गए। प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी के रूप में नरेंद्र पांडे (रायपुर) को जिम्मेदारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत व्यवस्था को सशक्त बनाने और संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही 17 अप्रैल को रायपुर में अगली बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें 24 अप्रैल के भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here