कांग्रेस पर महिला अपमान का आरोप, 33% आरक्षण को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का हमला
रायपुर – भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त मीडिया प्रभारी आयुष शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर देश की महिलाओं के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच से भरा रहा है और समय-समय पर उसने महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की है।
आयुष शर्मा ने अपने बयान में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 33% महिला आरक्षण का उद्देश्य देश की महिलाओं को सम्मान और समान अधिकार दिलाना है। उन्होंने इसे भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं की भागीदारी राजनीति और निर्णय प्रक्रिया में और मजबूत होगी।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी पार्टी ने सकारात्मक सहयोग नहीं किया, जिससे उसकी महिला विरोधी मानसिकता उजागर होती है।
आयुष शर्मा ने आगे कहा कि आने वाले समय में देश की महिलाएं एकजुट होकर ऐसी पार्टियों को जवाब देंगी, जो उनके सम्मान और अधिकारों की अनदेखी करती हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले चुनावों में भी महिलाओं का रुख निर्णायक होगा और भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने की संभावना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में एक मजबूत जनादेश के रूप में सामने आएगा और देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में और अधिक ठोस कदम उठाए जाएंगे।






