Crime news हाईटेक धोखाधड़ी: महिला से एक्टिवा, आईफोन प्रो और पर्सनल लोन फाइनेंस करा कर रफूचक्कर हुआ युवक

0
32

Crime news हाईटेक धोखाधड़ी: महिला से एक्टिवा, आईफोन प्रो और पर्सनल लोन फाइनेंस करा कर रफूचक्कर हुआ युवक

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक शातिर जालसाज ने सामाजिक संगठन की सक्रियता का फायदा उठाकर एक महिला पदाधिकारी को लाखों रुपये की चपत लगा दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अभिषेक सिंह ने खुद को राजनांदगांव के डोंगरगढ़ का निवासी बताकर पीड़िता का विश्वास जीता और फिर अपनी कथित पारिवारिक मजबूरियों का हवाला देकर उनसे लाखों रुपये के सामान और नकद ऋण ले लिए। अब किस्तें न भरने और मांगने पर पीड़िता को ही बदनाम करने की धमकी दी जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अभिषेक सिंह कोरबा में एक सामाजिक संगठन के कार्यक्रमों के दौरान पीड़िता के संपर्क में आया था। उसने पीड़िता को साथ मिलकर काम करने और जीवन भर सहयोग करने का झांसा दिया। जब विश्वास गहरा गया, तो उसने अपनी पारिवारिक आर्थिक तंगी का रोना रोया। भावुकता में आकर पीड़िता ने उसके झांसे में आकर बजाज फाइनेंस के माध्यम से एक एक्टिवा 125, कीमती आईफोन 16 प्रो और करीब 1.57 लाख रुपये का नकद लोन उसे दिलवा दिया।

शुरुआत में आरोपी ने ईएमआई (EMI) भरने का भरोसा दिया था, लेकिन सामान और पैसे मिलते ही उसके सुर बदल गए। पिछले कुछ समय से उसने किस्तें भरनी बंद कर दी हैं, जिसके कारण फाइनेंस कंपनी अब पीड़िता पर दबाव बना रही है। जब पीड़िता ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी न केवल गाली-गलौज पर उतारू हो गया, बल्कि उसने पीड़िता को सामाजिक रूप से बदनाम करने और जान से मारने की धमकी भी दी है।

बताया जा रहा है कि अभिषेक सिंह कोई पहली बार इस तरह की वारदात नहीं कर रहा है, उसने राजनांदगांव जिले में भी कई लोगों को इसी तरह अपने झांसे में लेकर मोटी रकम और कीमती सामानों की ठगी की है। वहां भी उसके खिलाफ कई शिकायतें होने की बात सामने आ रही है।

ठगी और धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में लिखित शिकायत पत्र दिया है। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और बकाया राशि की वसूली की मांग की है।

पीड़िता ने कोरबा पुलिस अधीक्षक और राजनांदगांव पुलिस से गुहार लगाई गई है कि, इसमे मामले तुरंत संज्ञान लेकर उसे न्याय दिलाएं।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here