रायपुर जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बने उमेश राठी, सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित
रायपुर। रायपुर जिला माहेश्वरी सभा के चुनाव में माहेश्वरी समाज गुढ़ियारी के वरिष्ठ समाजसेवी उमेश राठी को सर्वसम्मति से निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी सुशील लखोटिया ने सदन की सहमति से उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।
रायपुर के महेश छात्रावास स्थित नटवर हॉल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इस चुनाव में प्रदेश चुनाव अधिकारी संपत काबरा, पर्यवेक्षक कमल राठी, प्रदेश माहेश्वरी सभा अध्यक्ष सुरेश मुंधड़ा, माहेश्वरी सभा रायपुर, महेश सभा एवं माहेश्वरी समाज गुढ़ियारी के अध्यक्षगण, उनकी कार्यकारिणी, रायपुर जिला माहेश्वरी सभा के पदाधिकारी तथा समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

चुनाव अधिकारी सुशील लखोटिया ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष उमेश राठी को आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास एवं संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा व्यक्त की। वहीं निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन करनानी ने भी उमेश राठी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमेश राठी ने समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर समाजहित में कार्य करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।




