हरित तिल्दा’ महाअभियान का शुभारंभ: 102 ग्राम पंचायतों में लगाए जाएंगे 1 लाख पौधे, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने किया वृक्षारोपण
तिल्दा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल एवं गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिल्दा विकासखंड में ‘हरित तिल्दा’ वृहद वृक्षारोपण महाअभियान 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को ग्राम पंचायत तुलसी के गौठान परिसर से किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की और क्षेत्रवासियों से आगामी वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़कर हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, नगर पालिका परिषद तिल्दा की अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, सभापति शैल महेंद्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश मनहरे, ग्राम पंचायत तुलसी के सरपंच गुलाब अडिल, उपसरपंच मनीषा वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश मनहरे के नेतृत्व में आयोजित इस जनअभियान के अंतर्गत तिल्दा विकासखंड की 102 ग्राम पंचायतों में 1 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करना है।






