नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान, बोले- ‘रात के अंधेरे में घर तोड़ना गलत’
रायपुर। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे बातचीत के बावजूद रात के अंधेरे में लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाना पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है और इसमें शामिल जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस मामले में उनका रुख पहले दिन से स्पष्ट है और उसमें कोई बदलाव नहीं आया है।
उन्होंने कहा, “मैं अपने स्टैंड पर कायम हूं। नकटी गांव के लोगों के साथ कल भी था, आज भी हूं और आगे भी उनके साथ रहूंगा।”
भाजपा सांसद ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण होना चाहिए। यदि कहीं प्रक्रिया में चूक हुई है या लोगों के साथ अन्याय हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि विधायक कॉलोनी परियोजना के लिए नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं, जबकि ग्रामीण पुनर्वास और कार्रवाई के तरीके को लेकर लगातार विरोध जता रहे हैं।






