पलारी में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने प्रदेश टॉपर जिज्ञासु वर्मा का किया सम्मान
पलारी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, पलारी में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 98.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्र जिज्ञासु वर्मा का सम्मान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि जिज्ञासु वर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्र को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस उत्कृष्ट सफलता के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में प्रतिभा, परिश्रम और संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री लक्ष्मण राव मगर (प्रादेशिक सचिव, सरस्वती शिशु मंदिर संघ, रायपुर), श्री विपिन बिहारी वर्मा (पूर्व अध्यक्ष, सिद्ध बाबा शिक्षण समिति, पलारी), श्री योगेश चन्द्राकर (पूर्व अध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर), श्री इन्द्रदेव वर्मा (अध्यक्ष, सिद्ध बाबा शिक्षण समिति, पलारी), श्री अजय राव (कोषाध्यक्ष, सिद्ध बाबा शिक्षण समिति, पलारी), श्री खोड़सराम कश्यप (जिला प्रतिनिधि, सरस्वती शिशु मंदिर, रायपुर) तथा श्रीमती सविता भीम यादव (जनपद अध्यक्ष, जनपद पंचायत पलारी) उपस्थित रहे।
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सिद्ध बाबा शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू, सचिव ओम प्रकाश चन्द्रवंशी, विद्यालय के प्राचार्य एवं आचार्य परिवार सहित समस्त आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान विकसित, संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।






