वार्ड क्रमांक 09 में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, ₹24.40 लाख के सड़क-नाली निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन

रायपुर। पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 09, जोन क्रमांक 09 में क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए करीब ₹24.40 लाख की लागत से विभिन्न सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस दौरान जोन अध्यक्ष गोपेश कुमार साहू ने विकास कार्यों का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भूमिपूजन के तहत कचना मठपारा में ₹9.45 लाख की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्य, मंडलपारा में ₹9.75 लाख की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्य तथा अन्य क्षेत्र में ₹5.20 लाख की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शुरू किए गए। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन और जल निकासी की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर जोन अध्यक्ष गोपेश कुमार साहू ने कहा कि वार्ड के प्रत्येक मोहल्ले तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल सहित सभी आवश्यक जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और विश्वास से वार्ड में विकास की यह गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जोन इंजीनियर श्रीमती अंगीता जनार्दन, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, वार्ड के वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति, युवा साथी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।






