नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर कांग्रेस का राज्यपाल से हस्तक्षेप का आग्रह, प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग
रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों के पक्ष में हस्तक्षेप की मांग की। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई से प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद कई परिवार गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने, उनके पुनर्वास और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को निर्देशित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से भी प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने नकटी गांव से राजभवन तक लगभग 14 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची थी, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस ने मुलाकात के लिए समय मांगा था और चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर राज्यपाल से मिलने का समय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शुक्रवार को हुई मुलाकात के बाद कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले में सकारात्मक हस्तक्षेप की उम्मीद जताई।






