आंध्र प्रदेश में विशाखापट्टनम के एक स्कूल में 6 वर्षीय छात्र की रहस्यमयी मौत ने सबको चौंका दिया है। स्कूल में शिक्षिका ने होमवर्क न करने पर बच्चे को थप्पड़ मारा था, तभी बच्चे की तुरंत मौत हो गई। घटना गुरुवार को वन टाउन पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित लिटिल गार्डन प्राइवेट स्कूल में सुबह 11 बजे घटी है। मृतक बच्चा तमन्ना प्रणय तेज यूकेजी का छात्र था। उसके पिता तमन्ना कृष्ण प्रसाद पेशे से रसोइया और मां गृहिणी हैं। प्रणय गुरुवार को स्कूल गया था। यहां महिला शिक्षक बच्चों का होमवर्क चेक कर रही थीं। प्रणय ने शिक्षिका को खाली स्लेट दिखाई, जिसके बाद वह बच्चे को डांटने लगीं।
कक्षा में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि शिक्षिका ने बच्चे को अपनी ओर खींचा, उसकी कमीज के बटन खोले और उसे थप्पड़ मारा।
बच्चा कुछ सेकेंड स्थिर रहा, बाद में शिक्षिका की गोद में गिर गया। शिक्षिका ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। प्रणय के बेहोश होने पर स्कूल कर्मचारी उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच, प्रणय के माता-पिता को दोपहर 1 बजे घटना की जानकारी दी गई।
प्रणय की मां ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार को होमवर्क पूरा न करने की वजह से स्कूल नहीं जा रहा था, लेकिन उनके मजबूर करने पर उसने हिम्मत दिखाई और स्कूल गया। परिवार 2 दिन पहे ही तिरुपति की तीर्थयात्रा से लौटा था।
घटना के बाद अस्पताल के बाहर लोगों का जमावड़ लग गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया गया।
पुलिस ने माता-पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी शिक्षिका को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
कैबिनेट मंत्री लोकेश नारा ने घटना को लेकर एक्स पर लिखा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और वह दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेगी।






