कांग्रेस लगातार जनजाति समाज को अपमानित करने के लिए रोज नए-नए षड्यंत्र रच रही है – देवलाल ठाकुर

0
19

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों ने बालोद पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख द्वारा लगातार जनजाति समाज को अपमानित और प्रताड़ित करने उन्हें जातिगत गालियाँ देने, उन्हें उकसाकर कानून-व्यवस्था की स्थिति अनियंत्रित करने को लेकर एक शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना वजूद बचाने हेतु अब इतने नीचे स्तर तक गिर चुकी है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अब सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ नैरेटिव फैलाकर जनता के बीच में सरकार की छवि को धूमिल करने एवं जनजाति समाज को अपमानित करने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी की यही नीति रही है जब सत्ता न हो तो सत्ता में बैठे लोगों के प्रति लोगों में भ्रम फैलाने का काम करें। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस एवं उसके नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठ एवं भ्रामक प्रचार के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनजाति समाज को अपमानित करने के लिए रोज नए-नए षड्यंत्र रच रही है। इसी कड़ी में आदिवासी समाज के सम्मानित, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोशल मीडिया पर बहुत ही अपमानजनक ढंग से पोस्ट किया है। कांग्रेस में सोशल मीडिया की राष्ट्रीय प्रमुख सुश्री सुप्रिया श्रीनेत की शह पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख ने यह पोस्ट कर प्रदेश के जनजाति समाज को अपमानित किया है। इससे हम समाज के लोग काफी आहत महसूस कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पिछले चुनाव में अपनी पराजय के लिए जनजाति समाज को जिम्मेदार मानते हुए बदले की भावना और विद्वेष में भरकर ऐसा कर रही है। प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में खराब स्थिति के लिए कांग्रेस का यह षड्यंत्र जिम्मेदार है।

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने इस आपराधिक कृत्य में दोषी कांग्रेस के सोशल मीडिया में राष्ट्रीय और प्रदेश मीडिया प्रमुख के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की ताकि जनजाति समाज की अस्मिता अक्षुण्ण रहे। प्रतिनिधिमण्डल ने कांग्रेस पार्टी से इसके लिए माफी मांगने की मांग की, अन्यथा आदिवासी समाज कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आंदोलन करेगा।

इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के अमाय नागवंशी, उपाध्यक्ष डोंडी हीरा ठाकुर, अध्यक्ष हल्बा आदिवासी समाज मोहन्तिन चोरका, अध्यक्ष हल्बा समाज निरंजन पटौदी , गॉड समाज तहसील उपाध्यक्ष डोमार नेताम, अध्यक्ष गोड़ समाज लोहारा जीवराखन भुआर्य, उपाध्यक्ष लोहारा हल्बा समाज मदन महला, सर्किल अध्यक्ष हल्बा समाज रूपेश नायक संजू मानकर, शिवराम सिन्द्रामे, साधना सोरी डोमेन्द्र टेकाम सहित बालोद जिला सर्व आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here