दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक: 2 साल की मासूम में H1N1 की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

0
6

दुर्ग। जिले में मानसूनी सीजन की शुरुआत के साथ ही स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक 2 साल 11 माह की मासूम बच्ची में H1N1 (स्वाइन फ्लू) वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। बच्ची को दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पहला मामला सामने आते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और विभाग को तुरंत हाई अलर्ट पर डाल दिया गया है।

तेज बुखार के बाद कराया गया था भर्ती
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को पिछले दो दिनों से तेज बुखार और फ्लू के गंभीर लक्षण थे, जिसके बाद परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों को लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू का संदेह हुआ, जिसके बाद सैंपल लेकर आरटी-पीसीआर (RT-PCR) जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा, घर-घर सर्वे शुरू
मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम बच्ची के घर और आसपास के इलाके में तैनात कर दी गई है, बच्ची के परिजनों और हाल ही में उसके संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए जुटाए जा रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का ब्योरा ले रहे हैं ताकि किसी भी अन्य संभावित मरीज की पहचान शुरुआती स्तर पर ही की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here