CG WEATHER UPDATE: अगले सात दिनों तक छत्तीसगढ़ में जारी रहेगा बारिश का दौर, आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी

0
9
CG WEATHER UPDATE: अगले सात दिनों तक छत्तीसगढ़ में जारी रहेगा बारिश का दौर, आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी

CG WEATHER UPDATE:  रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही।

मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश में कहीं हल्की से मध्यम, तो कहीं मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

रायपुर में 47.6 मिमी बारिश
राजधानी रायपुर में रविवार को सुबह 8:30 बजे तक 26.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। शाम 5:30 बजे तक कुल बारिश का आंकड़ा 47.6 मिमी पहुंच गया। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

माना विमानतल में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री, बिलासपुर में 31.8 डिग्री, जगदलपुर में 24.7 डिग्री और दुर्ग में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
CG WEATHER UPDATE:  प्रदेश में रविवार को अंबिकापुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

कोटाडोल में 110 मिमी बारिश
प्रदेश में सबसे अधिक 110 मिमी बारिश कोटाडोल में दर्ज की गई। रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 80-80 मिमी बारिश हुई। छुरा और नांगल में 70-70 मिमी, जबकि सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 60-60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है मौसम प्रणाली
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल क्षेत्र से गुजरने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।

आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
CG WEATHER UPDATE: 24 अगस्त को राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

अगले सात दिन बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। 24 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here