दिव्यांग प्रतिभाओं ने मंच पर बिखेरे हुनर के रंग, सीजी दिव्यांग प्रतिभा एवं सम्मान 2026 का आयोजन

0
6

कोरबा। नवप्रभा सेवा समिति कोरबा की ओर से रविवार को होटल गणेश इन में ‘सीजी दिव्यांग प्रतिभा एवं सम्मान 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा सहित जांजगीर-चांपा और बिलासपुर से पहुंचे 48 दिव्यांग प्रतिभागियों ने फैशन शो, नृत्य, गायन, भाषण और कविता जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वतंत्रता दिवस की भावना और भारतीय संस्कृति से जुड़े इस आयोजन में प्रतिभागियों ने भारतीय परिधानों के साथ देशभक्ति की भावनाओं को भी मंच पर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत रक्षासूत्र बांधकर किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन रहे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत, जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, पवन अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल सहित महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, रीता क्षेत्रपाल, प्रणव पूनम दास, गौरव मोदी, डॉ. सरफरोश खान, मनोज सिंह, प्रफुल्ल तिवारी और लक्ष्मण श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस की भावना को जोड़ते हुए दिव्यांग प्रतिभाओं को मंच देना सराहनीय पहल है। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और देशप्रेम को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान

प्रतियोगिता में डॉ. ज्योति बाला और मंदीप भाटिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई। फैशन शो में अनोखी पल ने पहला, सुप्रिया ने दूसरा और नक्शा कोसले ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। डांस में सुफल जैन प्रथम, रोशनी सराफ द्वितीय और भवानी तृतीय रहीं। सिंगिंग में अंजलि यादव ने पहला, रोशन कथकार ने दूसरा और दर्शना ने तीसरा स्थान हासिल किया।

भाषण प्रतियोगिता में छाया डडसेना प्रथम, अनुराधा राठौर द्वितीय और कमला सोनी तृतीय रहीं। कविता में टियर कश्यप ने पहला, अमृता खुनटे ने दूसरा और पूर्वी साहू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दिव्यांग क्षेत्र में काम करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहे मीनाक्षी रत्नापारखी, भारती सोनी, जानकी यादव, छाया डडसेन और गणेश सराफ को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे लोगों के योगदान से दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनका मनोबल बढ़ाने में मदद मिलती है।

नवप्रभा सेवा समिति की अध्यक्ष कविता सोनी ने बताया कि समिति पिछले पांच वर्षों से महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न मंचीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग प्रतिभागियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना को प्रस्तुत कर सकें।

30 वर्षों से सामाजिक आयोजनों में सहयोग

कार्यक्रम के प्रायोजक ऑटो सेंटर ग्रुप के अधिकृत महिंद्रा एंड महिंद्रा डीलर पवन अग्रवाल ने कहा कि उनका समूह पिछले 30 वर्षों से सामाजिक आयोजनों में सहयोग करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को अपनी कला और अभिव्यक्ति के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के प्रायोजकों जय मां काली मार्बल कोरबा, ऑटो सेंटर ग्रुप, दिशा मोबाइल, राजू सपोर्ट, न्यू कोरबा हॉस्पिटल, सिटी डेंटल केयर एंड इम्पैक्ट सेंटर और अलंकार डायरी का भी आयोजन में सहयोग रहा। विजेता प्रतिभागियों को दिशा मोबाइल की ओर से पुरस्कार और राजू सपोर्ट की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, पुरस्कार और भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष रीना साहू ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नृत्य, गायन, अभिनय, वक्तृत्व, कविता और भारतीय परिधान जैसी विधाओं के जरिए प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। आयोजन में दिव्यांग प्रतिभाओं को एक साथ मंच मिलने से स्वतंत्रता दिवस की भावना, भारतीय संस्कृति और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here