शहीद की पत्नी ने CM को बांधी राखी, साय बोले- आज मिली सगी बहन से बढ़कर बहन

0
16
शहीद की पत्नी ने CM को बांधी राखी, साय बोले-आज मिली सगी बहन से बढ़कर बहन

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को रक्षाबंधन का माहौल कुछ अलग नजर आया। यहां स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधी। इसी दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी।

‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज उन्हें माधुरी वर्मा के रूप में एक बहन मिली है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है। वे भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।

कार्यक्रम में जवानों और स्कूली बच्चियों के बीच रक्षाबंधन का यह दृश्य खास रहा। बच्चियों ने जवानों को राखी बांधी तो जवानों ने भी उनके साथ भाई-बहन के इस रिश्ते को निभाने का भरोसा दिलाया।

बस्तर में अब विकास की रफ्तार बढ़ाने का वादा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक बस्तर में विकास की रफ्तार प्रभावित रही, लेकिन अब वहां तेजी से काम किया जाएगा। सरकार का फोकस बस्तर में विकास के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं देने पर है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में भेजे जाएंगे।

कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here