भाटापारा/रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भाटापारा विकासखंड के ग्राम दावनबोड़ में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और अमर शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में सांसद ने क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह, भगवान बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती जैसे आदिवासी महानायकों ने जल, जंगल, जमीन और देश की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अकाल के कठिन दौर में गरीबों का पेट भरने के लिए अंग्रेजों के गोदाम खुलवाने वाले वीर नारायण सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने युवाओं से महानायकों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर देश व समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
मंच से ही विकास कार्यों को मिली मंजूरी
ग्रामीणों की मांगों को सुनते हुए सांसद अग्रवाल ने मंच से ही विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। ग्राम दावनबोड़ में सामुदायिक भवन एवं मंच निर्माण के लिए 10 लाख और सीसी सड़क के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। वहीं कोड़िया के हायर सेकेंडरी स्कूल में शेड निर्माण के लिए 10 लाख तथा हीरनभट्टा के स्कूल में प्रार्थना शेड एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
इसके अलावा जामडीह के महामाया मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख, मोभट्टा में मुक्तिधाम शेड एवं अन्य जरूरी निर्माण के लिए 5 लाख और रोहला में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। मुड़पार चौक पर मंच एवं शेड निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई।
महिला कमांडो के साहस की सराहना
गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर पूर्ण शराबबंदी कराने वाली स्थानीय महिला कमांडो की सांसद ने जमकर सराहना की। उन्होंने महिलाओं के साहस और सामाजिक जागरूकता की प्रशंसा करते हुए महिला कमांडो के लिए साड़ी खरीदने 20 हजार रुपए देने की घोषणा की।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का मूल्य और महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे लाभ को सरकार की जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, गोविंद वर्मा, शशि आनंद बंजारे, गोपाल शुक्ला, सीता शशिकांत, नारायण साहू, भंवर सिंह मुईके, वेदराम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पंच-सरपंच और ग्रामीण मौजूद रहे।






