रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के अध्ययन दौरे के दौरान शिक्षा और खेल विकास को लेकर व्यापक मंथन किया। दीव में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के प्रभावी उपयोग को लेकर रोडमैप पर चर्चा की।
बैठक में भारत सरकार के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, केंद्र शासित प्रदेश के शिक्षा निदेशालय, नवोदय विद्यालय समिति, वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों के CSR फंड का उपयोग आधुनिक खेल मैदान, सिंथेटिक ट्रैक, खेल उपकरण और प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने में किया जाना चाहिए।
पीएम श्री विद्यालय का किया निरीक्षण
अध्ययन दौरे के दौरान अग्रवाल ने दीव स्थित ‘पीएम श्री’ जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल परिसर और छात्रावास सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं की जानकारी भी ली।
अग्रवाल ने कहा कि ‘पीएम श्री’ योजना नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इन विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर विद्यार्थियों को 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ देश के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचना चाहिए।
छत्तीसगढ़ के 211 स्कूल पीएम श्री के रूप में अपग्रेड
बैठक में अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में ‘पीएम श्री’ योजना के तहत किए जा रहे कार्यों को भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 211 स्कूलों को ‘पीएम श्री’ विद्यालय के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है। इन विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ ICT लैब, स्मार्ट क्लासरूम और वोकेशनल ट्रेनिंग जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे प्रदेश के दो लाख से अधिक विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलने की बात कही गई।
अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को पूरा करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मजबूत शैक्षणिक आधार, आधुनिक अधोसंरचना और खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराकर देश की युवा शक्ति को विकसित भारत की निर्माण यात्रा से जोड़ा जा सकता है।






