नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर पर देशवासियों को बधाई देते हुए इसे देश की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी चुनौतियों के बीच भारत ने मजबूत आर्थिक विकास दर्ज किया है और देश को इसी रफ्तार को आगे भी बनाए रखना होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “अगर जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदना चाहिए।” इससे पहले 11 मई को भी प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की थी।
‘झूठ की गूंज’ से माहौल खराब करने की कोशिश
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के सहारे माहौल खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। देश को इस आर्थिक गति को बनाए रखते हुए आने वाले समय में और तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
विदेश यात्रा और विदेश में शादी से बचने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से विदेश में घूमने के लिए यात्राएं करने और विदेश में शादी समारोह आयोजित करने से बचने की अपील की। उन्होंने लोगों से ‘मेक इन इंडिया’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मोदी ने कहा कि जितना अधिक देश में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जाएगा, भारत उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने में सफलता मिलेगी।






