अहमदाबाद/रायपुर। शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के गुजरात अध्ययन दौरे के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में उपलब्ध अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों से खेल अधोसंरचना के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद अग्रवाल ने राष्ट्रमंडल खेल 2030 की तैयारियों, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) की भूमिका को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार, निजी क्षेत्र और समाज के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
लगभग 21 एकड़ क्षेत्र में 825 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। परिसर में एक्वेटिक्स सेंटर, इंडोर मल्टी-स्पोर्ट्स एरिना, आउटडोर स्पोर्ट्स जोन और ‘फिट इंडिया’ जोन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जब सरकार, समाज और निजी क्षेत्र मिलकर खेलों में निवेश करते हैं, तो इसका परिणाम केवल बेहतर स्टेडियम और सुविधाओं के रूप में नहीं आता, बल्कि देश के लिए नए चैंपियन तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आधुनिक खेल परिसर राष्ट्रमंडल खेल 2030 और वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। खेल का मैदान जितना मजबूत होगा, भारत के पदकों का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। उन्होंने खेल अधोसंरचना के विकास में CSR और निजी क्षेत्र की भागीदारी को और बढ़ाने की आवश्यकता बताई।






