रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि देश में महिलाओं को लगातार आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी निभा रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में मीडिया से चर्चा करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले महिलाओं को अपने खर्च चलाने के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। भारत विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बने, इस संकल्पना में महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि देश में करीब तीन करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। आज महिलाएं केवल घर और रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, व्यवसाय, राजनीति, कृषि सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
देश की आर्थिक वृद्धि दर में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद देश की ग्रोथ रेट में वृद्धि होना उत्साहजनक है। उन्होंने इसके लिए देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत नेतृत्व के कारण भारत लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।






