CG NEWS: 7 सितंबर को रायपुर में संभागस्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन, सीएम साय होंगे मुख्य अतिथि

0
5

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की ओर से आगामी 7 सितंबर को रायपुर में संभागस्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने तथा उनमें नई ऊर्जा का संचार करने का प्रयास किया जाएगा।

अशोक सिन्हा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करना है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।

तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सिन्हा ने कहा कि यह आयोजन केवल संगठनात्मक सम्मेलन नहीं, बल्कि समाज निर्माण में योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं, इसलिए सम्मेलन के माध्यम से प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद एवं सहभागिता को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन को लेकर रायपुर संभाग के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक एवं मंच व्यवस्था, स्वागत, यातायात प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

पत्रकार वार्ता में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here