वार्ड कांग्रेस अध्यक्ष संतोष गुप्ता द्वारा सूचना दिए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासियों ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान सड़क का लेवल घरों से ऊंचा होने के कारण बारिश के दौरान पानी निकासी की समस्या बनी रहती है। यदि सड़क की ऊंचाई और बढ़ाई गई तो बारिश का पानी घरों में घुसने की आशंका बढ़ जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना है, लेकिन यदि निर्माण कार्य तकनीकी रूप से उचित लेवलिंग के बिना किया गया तो यही सड़क भविष्य में लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
मौके पर उपस्थित नगर निगम के सब इंजीनियर चंद्राकर से कांग्रेस नेताओं एवं स्थानीय लोगों ने चर्चा कर मांग रखी कि नई सड़क का निर्माण शुरू करने से पहले पुरानी सड़क की आवश्यक खुदाई कर उचित लेवलिंग की जाए। साथ ही क्षेत्र में जो सड़कें अत्यधिक जर्जर एवं खराब स्थिति में हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी व्यवस्था और घरों के स्तर का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को जलभराव और घरों में पानी घुसने जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास कार्यों का कांग्रेस स्वागत करती है, लेकिन विकास कार्य जनता की सुविधा और जरूरत के अनुरूप होना चाहिए। यदि निर्माण कार्य के कारण भविष्य में आम लोगों की परेशानी बढ़ती है तो उस पर सवाल उठाना जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्रवासियों की मांग और जनभावनाओं को नजरअंदाज कर पुरानी सड़क के ऊपर ही सड़क का निर्माण कराया गया, तो कांग्रेस पार्टी नगर निगम की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से विरोध करेगी।
इस दौरान वार्ड कांग्रेस अध्यक्ष संतोष गुप्ता, संजय साहू, उपाध्यक्ष आर. सनी राव, हेमंत साहू, संत राम सोनकर, सोनू टंडन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के रहवासी एवं युवा साथी उपस्थित रहे।






