स्कूल का जर्जर गेट गिरने से सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप

0
6

हथबंद। तीज पर्व पर परिजनों से मिलने रतनपुर से हथबंद आए सात वर्षीय मासूम शिवम यादव की स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय परिसर में लोहे का मुख्य गेट गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों और अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी है।

बताया गया कि स्कूल परिसर का मुख्य लोहे का गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इसी दौरान शिवम उसकी चपेट में आ गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिमगा एसडीएम अतुल शेटे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

परिवार को 50 हजार की अंतरिम सहायता

हादसे के बाद पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने जिला कलेक्टर से चर्चा की। कलेक्टर के निर्देश पर 50 हजार रुपए की अंतरिम सहायता राशि स्वीकृत की गई। एसडीएम अतुल शेटे ने सिमगा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर यह राशि पीड़ित परिजनों को सौंपी। वहीं शाला प्रबंधन की ओर से भी प्रारंभिक तौर पर 20 हजार रुपए की सहायता दी गई।

तीन महीने से जर्जर था गेट, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के मुख्य द्वार का कॉलम पिछले करीब तीन महीने से जर्जर स्थिति में था। गेट के ऊपर और नीचे से पकड़ कमजोर हो चुकी थी और वह महज एक पट्टी तथा कील के सहारे टिका हुआ था। इसके बावजूद समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों से प्रतिवर्ष 600 रुपए विकास शुल्क भी लिया जाता है। इसके बावजूद स्कूल परिसर में जरूरी रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते जर्जर गेट को दुरुस्त कराया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

शाला प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग

जनपद सदस्य प्रतिनिधि ऋषिकांत पटेल सहित स्थानीय नागरिकों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जर्जर भवन, गेट या अन्य संरचनाओं की समय-समय पर जांच और मरम्मत जरूरी है। नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हथबंद थाना प्रभारी के अनुसार मृत बालक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here