रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने Meesho कंपनी के डिलीवरी कर्मचारी को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर लूट लिया। बदमाश डिलीवरी कर्मचारी के पास से चार हजार रुपये नकद और करीब 21 हजार 499 रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गनौद से लौटते समय बदमाशों ने घेरा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोडरा, थाना आरंग निवासी खिलावन लोधी किराना दुकान संचालित करते हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा हितेश लोधी Meesho कंपनी में डिलीवरी कर्मचारी के रूप में काम करता है। एक सितंबर को हितेश बाइक से डिलीवरी का सामान बड़े पिठ्ठु बैग में लेकर ग्राम गनौद गया था।
डिलीवरी पूरी करने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था। दोपहर करीब दो बजे जब वह ग्राम गनौद और धमनी के बीच सड़क से गुजर रहा था, तभी बाइक सवार तीन युवक उसके सामने आ गए। तीनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाशों ने हाथ दिखाकर हितेश को सड़क पर रोक लिया।
चाकू दिखाकर डिलीवरी बैग से निकाला पर्स
रास्ता रोकने के बाद दो बदमाश बाइक से नीचे उतरे और हितेश के डिलीवरी बैग को खींचने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने चाकू निकालकर हितेश को धमकाया। बदमाशों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बैग में रखा पर्स निकाल लिया।
पर्स से बदमाशों ने चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद तीनों आरोपी अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से हितेश भी घबरा गया और बाद में परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, लूटे गए मोबाइल फोन की कीमत 21,499 रुपये बताई गई है। चार हजार रुपये नकद मिलाकर बदमाश कुल 25,499 रुपये की संपत्ति लेकर फरार हुए हैं।
घटना की शिकायत मिलने के बाद मंदिर हसौद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध बाइक सवारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।






