मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

0
9
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। SECL के CSR मद से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुल 33.64 लाख रुपये की लागत से जनसुविधा और अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत कार्यों के तहत ग्रामीणों और यात्रियों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण किया जाएगा। ग्राम लटोरी बस स्टैंड में 4.91 लाख रुपये, ग्राम करवां के पड़कीपारा चौक में 4.85 लाख रुपये, ग्राम बतरा के नवापारा चौक में 4.68 लाख रुपये तथा ग्राम खोपा के मुख्य चौक में 4.68 लाख रुपये की लागत से प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे। इनसे यात्रियों को धूप और बारिश सहित विभिन्न मौसमों में सुविधा मिलेगी।

इसी क्रम में ग्राम धरमपुर के सरनापारा में बंधन घर से चंदेल घर तक 4.66 लाख रुपये की लागत से पक्की सीसी रोड का निर्माण होगा। वहीं ग्राम बुंदिया के सरनापारा में इंदर कुजूर के घर के पास 4.89 लाख रुपये की लागत से आरसीसी स्लैब पुलिया का निर्माण किया जाएगा। सड़क और पुलिया बनने से ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा होने के साथ स्थानीय परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

ग्राम रजकिशोरनगर स्थित प्राथमिक शाला परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालय के बेहतर वातावरण के लिए 4.97 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया, यात्री सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना से जुड़े कार्य आमजन के जीवन को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here