लोरमी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लोरमी के मानस मंच में ‘स्नेह, सेवा एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में लोरमी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 2000 से अधिक बुजुर्गों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंच से उतरकर वरिष्ठ पेंशनधारियों और निराश्रित बुजुर्गों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर बुजुर्गों के चरण पखारे और उनके सामने शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। साव को इस आत्मीय अंदाज में अपने बीच पाकर कई बुजुर्ग भावुक हो गए। बुजुर्गों ने भी उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान समारोह स्थल पर भावुकता और आत्मीयता का माहौल नजर आया।

2000 से अधिक बुजुर्गों का किया सम्मान
समारोह में लोरमी क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे बुजुर्गों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। आयोजन के दौरान क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
‘बुजुर्गों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत’
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोरमी उनका घर है और यहां के लोग उनके अपने परिवार की तरह हैं। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और उनकी सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी पूंजी है।
साव ने कहा कि अपनों का सम्मान करना हमारी माटी और संस्कृति के संस्कार हैं। क्षेत्र के बुजुर्गों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर जनता की सेवा करने की प्रेरणा और शक्ति देता है। उन्होंने कहा कि सेवा, सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाना ही ऐसे आयोजनों का उद्देश्य है।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान बुजुर्गों के सम्मान और उनके प्रति अपनत्व ने पूरे कार्यक्रम को विशेष बना दिया।






