ऑयल गिरने का झांसा देकर कारोबारी की कार रुकवाई, बोनट की फोटो खींचते समय बैग लेकर फरार हुए बदमाश

0
5
ऑयल गिरने का झांसा देकर कारोबारी की कार रुकवाई, बोनट की फोटो खींचते समय बैग लेकर फरार हुए बदमाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में कार सवार कारोबारी को कार से ऑयल गिरने का झांसा देकर रोकने और मौका पाकर कार से बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11:40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। बैग में 25 हजार रुपये नकद, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, चेकबुक समेत जरूरी दस्तावेज और चाबियां रखी थीं। कारोबारी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नेचर सिटी अमलीडीह निवासी कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। 24 सितंबर को वह अपनी कार क्रमांक CG04PS7590 से घर से ऑफिस जा रहे थे। फाफाडीह ओवरब्रिज के पास एक युवक ने उन्हें कार के बोनट के सामने ऑयल गिरने की बात बताई। कुछ दूर आगे जाने के बाद दूसरे युवक ने भी कार से ऑयल गिरने की बात कहकर उन्हें सतर्क किया।

सर्विस सेंटर को फोटो भेजते समय चोरी
दोनों युवकों की बात पर कारोबारी ने कार को यू-टर्न लेकर सड़क किनारे खड़ा किया और सर्विस सेंटर में फोन किया। सर्विस सेंटर की ओर से बोनट की फोटो भेजने के लिए कहा गया। कारोबारी कार से उतरकर बोनट की फोटो खींचकर सर्विस सेंटर को भेजने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी कार में रखा ब्राउन रंग का बैग चोरी कर फरार हो गए।

कुछ देर बाद कार में लौटने पर कारोबारी को बैग गायब मिला। बैग में 25 हजार रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक से संबंधित कागजात, ऑफिस के दस्तावेज और चाबियां रखी थीं।

घटना के बाद कारोबारी ने अपने परिचित प्रशांत सुब्रमण्या और शारदाचरण पटेल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गंज थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फाफाडीह ओवरब्रिज और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here