बिलासपुर हिंसा के मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को पुलिस ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है. आरोपी माकरी गांव में अपने दोस्त धीरेंद्र पटेल के घर पर छिपा हुआ था. वहीं, दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी सोहेल खान पहले ही गिरफ्तार हो चुका है.
अब तक 50 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर के खपरगंज इलाके में पथराव और बवाल के बाद पुलिस लंबे वक्त से ठाकुर राम सिंह की तलाश कर रही थी. पुलिस टीम अलग-अलग इलाके में दबिश दे रही थी. लगातार रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही थी. अब आरोपी पुलिस के पकड़ में आ गया है. राम सिंह गुट से जुड़े 5 आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया था. अब तक इस मामले में 50 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
राम सिंह ने जारी किया था वीडियो
इस घटना के बाद आरोपी राम सिंह ने वीडियो जारी किया था. इसमें उसने खुद को निर्दोष बताया था. उसने कहा था कि उसे केवल इसलिए अपराधी बनाया गया क्योंकि उसने अपने धर्म के लिए लड़ा. पुलिस और जिहादियों के द्वारा उसे टारगेट किया गया. उसने आगे कहा था कि राम सिंह ने कहा था कि उसकी जेल में हत्या हो सकती है. उसके माता-पिता का ख्याल रखा जाए. आरोपी ने सरेंडर की बात कही थी लेकिन बाद में रायपुर भाग गया था.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 28 अगस्त की रात खपरगंज इलाके में दो गुटों में विवाद हो गया था. आरोप है कि सोशल मीडिया पर हिंदू विरोधी टिप्पणी और पुरानी रंजिश के चलते मामला गरमाया था. दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हो गया. इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज किया. तारबाहर पुलिस थाना टीआई समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज किया था.






