रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद्द, RPF के स्थापना दिवस समारोह में नहीं होंगे शामिल

0
6
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद्द, RPF के स्थापना दिवस समारोह में नहीं होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से इस समारोह और रेल मंत्री के दौरे की तैयारियों में जुटा हुआ था। इससे पहले रेल मंत्री का दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था।

राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले इस समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति RPF की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित रेलवे, प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

उत्कृष्ट सेवा के लिए अधिकारियों और जवानों को मिलेगा सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए RPF के अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित करने की योजना है। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल हैं।

तकनीकी प्रदर्शनी में दिखेंगे आधुनिक सुरक्षा उपकरण
समारोह के दौरान तकनीकी प्रदर्शनी भी आयोजित करने की तैयारी है। इसमें ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, अर्जुन तथा अपराध पहचान से संबंधित डिजिटल टूल्स CCTNS और NAFIS प्रदर्शित किए जाएंगे। इन आधुनिक तकनीकों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।

सेरेमोनियल परेड रहेगा प्रमुख आकर्षण
कार्यक्रम में सेरेमोनियल परेड प्रमुख आकर्षण होगी। परेड में महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी हिस्सा लेंगी। इनके माध्यम से RPF के अनुशासन, प्रशिक्षण और आधुनिक सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

रेल मंत्री का दौरा रद्द होने के बावजूद स्थापना दिवस समारोह के आयोजन को लेकर रेलवे प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। समारोह के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल की उपलब्धियों, आधुनिक तकनीकों और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here