रायपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महापौर मीनल चौबे ने कंकालीपारा स्थित मां कंकाली देवी मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और नुक्कड़ तालाब के आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों, मंदिर परिसर और तालाब के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कचरा जमा नहीं होना चाहिए और न ही गंदगी की स्थिति निर्मित होनी चाहिए।
महापौर ने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊबड़-खाबड़ पहुंच मार्ग की समस्या दूर करने का आश्वासन
निरीक्षण के दौरान मां कंकाली देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर तक आने वाले पहुंच मार्ग के ऊबड़-खाबड़ होने की समस्या महापौर के सामने रखी। श्रद्धालुओं की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए महापौर ने सड़क की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल सफाई व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। जनसमस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता, सुगम आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और पार्षद अजय साहू उपस्थित रहे।






