रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान जीएसटी व्यवस्था में सुधार, व्यापारियों की समस्याओं और कर प्रणाली को सरल एवं व्यापार-अनुकूल बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कैट ने प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों की ओर से वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जीएसटी की राष्ट्रीय लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कैट प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण समिति में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलने से प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, व्यावहारिक कठिनाइयों और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। इससे जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार-अनुकूल बनाने की दिशा में प्रदेश की भागीदारी मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि समय पर जीएसटी रिफंड, इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित समस्याओं का समाधान, पंजीयन प्रक्रिया का सरलीकरण और कर संबंधी मामलों में अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलना जरूरी है। इन प्रक्रियाओं को सरल बनाने से विशेष रूप से छोटे और मध्यम व्यापारियों को लाभ मिलेगा तथा कारोबार के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
कैट ने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के व्यापारियों की जीएसटी संबंधी समस्याओं के निराकरण, विभागीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने और व्यापारियों एवं कर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। संगठन ने कहा कि सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक कर व्यवस्था व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने तथा सरकार और व्यापार जगत के बीच सकारात्मक सेतु के रूप में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण मिलेगा और प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी।
कैट छत्तीसगढ़ ने आशा व्यक्त की कि राष्ट्रीय जीएसटी लॉ कमेटी में प्रदेश को मिले प्रतिनिधित्व से व्यापारियों के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा। संगठन ने व्यापार को सरल, सुगम और सशक्त बनाने के लिए शासन को निरंतर रचनात्मक सुझाव एवं सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी सहित परमानंद जैन, अवनीत सिंह भाटिया, भारत जैन, कैलाश खेमानी, शंकर बजाज, नीलेश मुंधड़ा, बलराम आहूजा, जयराम कुकरेजा, चंद्रकुमार डोडवानी, कांति पटेल, रतन सिंह, विशाल वरयानी, सर्वेश दौलतानी, जयेश पटेल, नितिन पटेल एवं राहुल पटेल उपस्थित रहे।






