रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और यात्री बसों के कारण होने वाली अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने बस संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं। डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने यात्री बस संचालकों और बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी बस रोककर यात्रियों को बैठाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात कार्यालय कालीबाड़ी के सभागार में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात रामकुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अंतरराज्यीय बस स्टैंड से संचालित होने वाली बसों के संचालन, शहर की यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बुकिंग काउंटरों के सामने नहीं रुकेंगी बसें
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने बस संचालकों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड से रवाना होने के बाद बसें रास्ते में या विभिन्न स्थानों पर बनाए गए बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटरों के सामने खड़ी कर यात्रियों को नहीं बैठाएंगी। बसें केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही रुकेंगी। मनमाने तरीके से बस रोकने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित बस संचालक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की बसों पर भी निर्देश
बैठक में स्पष्ट किया गया कि ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों का संचालन भाठागांव बस स्टैंड से नहीं किया जाएगा। इन बसों को भी सामान्य यात्री बसों की तरह रास्ते में जगह-जगह यात्रियों को बैठाने और उतारने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बसों की छत पर सामान लादकर परिवहन करने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
एमएमआई चौक से भाठागांव तक नहीं उतार सकेंगे यात्री
जगदलपुर, धमतरी और गरियाबंद की ओर से आने वाली यात्री बसों को एमएमआई चौक के पास निर्धारित स्थान पर ही यात्रियों को उतारना होगा। इसके बाद पचपेड़ी नाका होते हुए भाठागांव चौक तक रास्ते में कहीं भी बस रोककर यात्रियों को उतारने की अनुमति नहीं होगी। बसों को सीधे बस स्टैंड तक लाना होगा।
वहीं, दुर्ग-भिलाई जाने वाली बसें पचपेड़ी नाका चौक से यू-टर्न लेने के बाद भाठागांव चौक पर यात्रियों को बैठाने के लिए नहीं रुकेंगी। यातायात पुलिस ने इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बस स्टैंड को गैरेज बनाने पर भी रोक
बस स्टैंड परिसर में खराब और कंडम वाहनों को खड़ा रखने पर भी आपत्ति जताई गई। बस संचालकों को ऐसे वाहनों को परिसर से हटाने और बस स्टैंड का उपयोग गैरेज के रूप में नहीं करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि बस स्टैंड को व्यवस्थित रखना और वहां यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना जरूरी है।
नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी कि बार-बार बस खड़ी कर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने और नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। बस संचालकों से भी कहा गया कि वे अपने चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए निर्देशित करें।
बैठक में छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के अध्यक्ष एवं रॉयल ट्रैवल्स के संचालक सै. अनवर अली, महासंघ के प्रदेश सचिव खेमराज साहू सहित विभिन्न ट्रैवल्स संचालक और बस मालिक शामिल हुए। बस संचालकों ने बस स्टैंड को व्यवस्थित बनाने और शहर में यातायात के सुचारू संचालन के लिए पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।






