सेवा संकल्प अभियान के तहत वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को वितरित की गईं साड़ियां, गमछे और खाद्य सामग्री
श्री मंगलमय वेलफेयर सोसाइटी एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ मनाया सेवा और समर्पण का दिन
रायपुर। सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को साकार करते हुए 14 अक्टूबर को श्री मंगलमय वेलफेयर सोसाइटी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत मनोहर जीवन कल्याण वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को साड़ी, गमछे, साबुन तथा खाद्य सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं अपनत्व व्यक्त किया। सेवा कार्य को सभी सदस्यों ने हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों की सहायता करने के साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
श्री मंगलमय वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रिया सिंह, जो भाजपा के एनजीओ प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी सदस्य भी हैं, ने कहा कि “सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और संस्कारों का प्रतीक भी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
इस सेवा अभियान में संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष प्रिया सिंह, सचिव पूनम मेश्राम, अधिवक्ता गायत्री साहू, लापेश्वरी चौहान, दमयंती वर्मा, सिंधु चौहान, रेखा जी, अंजलि, सोनम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करने का संकल्प व्यक्त किया।






