रायपुर। देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित ‘व्यापारी संवाद’ अभियान के तहत रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में CAIT की टीम ने व्यापारियों से प्रत्यक्ष चर्चा कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना तथा व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के व्यापारियों ने व्यापार संचालन में आ रही समस्याओं, व्यावहारिक चुनौतियों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से CAIT की टीम को अवगत कराया। व्यापारियों ने समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन से सहयोग की अपेक्षा जताई।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी संवाद’ अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। CAIT छत्तीसगढ़ व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर काम करने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
CAIT की टीम ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि संवाद के दौरान सामने आए मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित मंचों पर उन्हें उठाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, CAIT छत्तीसगढ़ और रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं संवाद को निरंतर मजबूत किया जाएगा, ताकि व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर मिलकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी ने CAIT के ‘व्यापारी संवाद’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की टीम स्वयं व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है और समाधान के लिए सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित करने की यह पहल सराहनीय है। इससे व्यापारिक संगठनों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय और सहयोग को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि CAIT भविष्य में भी व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि ‘व्यापारी संवाद’ अभियान व्यापारियों और संगठन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल है। व्यापारियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर संगठन उन्हें पूरा सहयोग देगा और समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास करेगा।
इस अवसर पर CAIT छत्तीसगढ़ के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह एवं जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से अनिल दुग्गड़, राजकुमार मोगरा, सुनील बंसल, दीपक चौधरी, जयेश चौधरी, विक्रम व्यास, मनोज पंजवानी, सोहेब अंसारी, गोपाल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मनोज जैन, हरसुख पटेल, चैनाराम चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
CAIT छत्तीसगढ़ ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न बाजारों एवं व्यापारिक संगठनों के साथ इसी तरह संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को समझने, उनके सुझावों को संगठन की कार्ययोजना में शामिल करने तथा समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देने पर जोर दिया जाएगा।






