कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से आज उनके कवर्धा स्थित कार्यालय में लेखक रूपेश श्रीवास्तव ने मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पुस्तक ‘99 से 100 डिग्री तक’ उपमुख्यमंत्री को भेंट की।
मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने पुस्तक के लेखन की सराहना करते हुए लेखक रूपेश श्रीवास्तव को शुभकामनाएँ दीं तथा निरंतर प्रगति करने के लिए बधाई दी। उपमुख्यमंत्री से मिले इस प्रोत्साहन से लेखक को साहित्य एवं लेखन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर लेखक रूपेश श्रीवास्तव ने कहा कि अपनी लेखनी के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से सराहना और प्रोत्साहन प्राप्त करना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का उत्साहवर्धन उन्हें अपने लेखन के माध्यम से समाज तक सकारात्मक विचार और प्रेरणादायक संदेश पहुँचाने के लिए प्रेरित करता है।
पुस्तक ‘99 से 100 डिग्री तक’ जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से लिखी गई है। लेखक का प्रयास है कि पुस्तक के माध्यम से पाठकों को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने तथा चुनौतियों के बावजूद आगे बढ़ते रहने का संदेश मिले।
इस सौजन्य मुलाकात के अवसर पर रूपेश श्रीवास्तव के साथ उनके मित्र अवधेश गुप्ता, आलोक पाटिल, डॉ. रामकृष्ण चंद्रवंशी, विनय गुप्ता एवं आशीष गुप्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त की और लेखक के साहित्यिक प्रयासों की सराहना की।






