कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर के एडिशनल डीसीपी (क्राइम एंड साइबर) गौरव मंडल (आईपीएस) तथा मुख्य वक्ता नेशनल साइबर फोरेंसिक्स एवं साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ सुश्री सोनाली गुहा थीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, चेम्बर पदाधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता जरूरी : सतीश थौरानी
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि साइबर अपराधी हर बार धोखाधड़ी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यापारी को सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए प्राप्त जानकारी को अपने परिवार के सदस्यों और संस्थान के कर्मचारियों तक भी पहुंचाना चाहिए। उन्होंने इस प्रकार की जागरूकता कार्यशालाओं को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
फ्रॉड होते ही पहले 10 मिनट बेहद महत्वपूर्ण : गौरव मंडल
मुख्य अतिथि श्री गौरव मंडल ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में शुरुआती 10 मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित बैंक को तत्काल सूचना देकर संदिग्ध लेन-देन को रोकने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि शिकायत एवं एफआईआर के लिए स्क्रीनशॉट, ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर और संदिग्ध लिंक जैसे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना चाहिए तथा उन्हें डिलीट नहीं करना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि रायपुर पुलिस व्यापारियों के साथ है और व्यापारिक संगठनों के लिए साइबर हेल्पडेस्क को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
यूपीआई, ई-मेल और फेक प्रोफाइल से बचाव के बताए उपाय
मुख्य वक्ता सोनाली गुहा ने डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल बैंक और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने से नुकसान कम करने तथा राशि बचाने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और कर्मचारियों को नियमित रूप से साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण देने की सलाह भी दी।
उन्होंने व्यापारियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण सुझाव दिए :
- यूपीआई और क्यूआर कोड सुरक्षा: क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करते समय सावधानी बरतें। पैसा प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती। किसी अनजान व्यक्ति के निर्देश पर क्यूआर कोड स्कैन न करें और अपना यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें।
- बिजनेस ई-मेल हैकिंग से बचाव: बड़ी रकम का भुगतान करने से पहले संबंधित कारोबारी पार्टी को फोन करके ई-मेल और भुगतान संबंधी विवरण की पुष्टि अवश्य करें। ई-मेल खातों में टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें।
- व्हाट्सऐप और फेक प्रोफाइल से सावधानी: किसी नए नंबर या दुकान के नाम से बनी संदिग्ध फेक आईडी से पैसे मांगे जाने पर वीडियो कॉल या किसी अन्य विश्वसनीय माध्यम से पहचान की पुष्टि करें।
- मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल: दुकान और संस्थान के सभी डिजिटल सिस्टम में अलग-अलग पासवर्ड रखें। पासवर्ड में नाम या जन्मतिथि जैसी आसानी से अनुमान लगाई जा सकने वाली जानकारी का उपयोग न करें। समय-समय पर पासवर्ड बदलें।
- स्टाफ को नियमित प्रशिक्षण: मुनीम और कर्मचारियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी गिफ्ट संदेशों से बचने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की पहचान करने के बारे में नियमित रूप से जागरूक करें।
अतिथियों का सम्मान, पदाधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान चेम्बर की ओर से मुख्य अतिथि श्री गौरव मंडल एवं मुख्य वक्ता सुश्री सोनाली गुहा को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजन में चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं रायपुर संभाग प्रभारी जसप्रीत सिंह सलूजा तथा कार्यक्रम प्रभारी सोनिया साहू, प्रशांत गुप्ता, राजेन्द्र पारख, मनीष प्रजापति, जय होतवानी, आलोक शर्मा, प्रवीण पटेल, नितेश अग्रवाल, प्रसून दीक्षित तथा महिला चेम्बर से सुधा ठाकुर, सोनिया शांडेल एवं श्रीमती संचिता मेहरोत्रा की भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में चेम्बर उपाध्यक्ष श्री मनीष प्रजापति ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, सलाहकार गुरजीत सिंह संधु, वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा एवं विनय बजाज, कार्यकारी महामंत्री श्री कपिल दोशी, उपाध्यक्ष टी. श्रीनिवास रेड्डी, दिलीप इसरानी, अमरदास खट्टर, मनीष प्रजापति, जितेन्द्र शादीजा, महेन्द्र कुमार बागरोड़िया, नरेन्द्र हरचंदानी, अनिल केवलानी एवं विकास पंजवानी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मंत्री भरत पमनानी, राकेश वाधवानी, राजेन्द्र पारख, आलोक शर्मा, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, सदस्य निखिल पंड्या, महिला चेम्बर कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्वीट्स एंड स्नैक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश पारख, सचिव महेश खिलोसिया, हेमंत रायचुरा, ललित गोयल, सतीश कुकरेजा, भरतेश राठौर, वरदान राठौर एवं संजय विरनानी सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।






