रायपुर में छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस की सर्वदलीय बैठक संपन्न, मनोज बंजारे बने कार्यकारी संयोजक

0
6
रायपुर में छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस की सर्वदलीय बैठक संपन्न, मनोज बंजारे बने कार्यकारी संयोजक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय हितों, जनाधिकारों और वैकल्पिक राजनीतिक मंच के गठन की दिशा में छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस की महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस रविवार को रायपुर स्थित होटल बेबीलॉन कैपिटल हॉल में संपन्न हुई। बैठक में कांग्रेस और भाजपा से अलग विभिन्न राजनीतिक दलों, क्षेत्रीय संगठनों एवं जनआंदोलनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मनोज बंजारे को सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस का कार्यकारी संयोजक बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में एलायंस की संपूर्ण कमेटी के गठन, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और साझा राजनीतिक कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी सहभागी दलों एवं संगठनों को उचित प्रतिनिधित्व देने तथा पारदर्शी निर्णय प्रक्रिया विकसित करने पर जोर दिया गया। आगामी बैठक दुर्ग संभाग में आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

स्थानीय रोजगार, जल-जंगल-जमीन और जनहित के मुद्दों पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़िया अस्मिता, भाषा, संस्कृति और स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के साथ प्रदेश में पिछले 26 वर्षों के कांग्रेस एवं भाजपा शासनकाल की नीतियों, वादों और विकास कार्यों की तथ्यात्मक समीक्षा करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने उद्योगों, खनन, परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया।

इसके अलावा आदिवासी अधिकारों, ग्रामसभा की भूमिका, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, ग्रामीणों की आजीविका, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, भ्रष्टाचार पर अंकुश, सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता तथा निजीकरण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। किसान-मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बस्तर से सरगुजा तक क्षेत्रीय समस्याओं को राजनीतिक कार्ययोजना में शामिल करने पर भी जोर दिया गया।

साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने पर जोर
छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस की आगामी कार्ययोजना के तहत साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने और सभी सहभागी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी। एलायंस की संपूर्ण कमेटी के गठन और आगामी बैठक की तैयारियों की जिम्मेदारी कार्यकारी संयोजक मनोज बंजारे को सौंपी गई है। इसका उद्देश्य संगठनात्मक प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर साझा राजनीतिक संवाद को आगे बढ़ाना है।

विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद, रायपुर संभाग अध्यक्ष जितेंद्र बंजारे, केंद्रीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच पुरन लाल साहू, आम आदमी पार्टी के महासचिव सूरज उपाध्याय, भारत मुक्ति मोर्चा के संयोजक बलदेव मांडवी, हमर राज पार्टी के महासचिव विनोद नागवंशी, छत्तीसगढ़ महतारी पार्टी के विवेक पटेल तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की माधुरी यदु शामिल हुईं।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संयोजक दिलीप मिरी, प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र साहू, मोनी कठौत्रे, प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र देवांगन और प्रदेश प्रवक्ता एवं सलाहकार गजेंद्र रथ वर्मा उपस्थित रहे।

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के जगदलपुर विधानसभा अध्यक्ष ओम मरकाम, दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष रेमन मरकाम, कोंडागांव जिला अध्यक्ष उदय भंडारी और संभागीय महासचिव रामनाथ नेगी ने भी बैठक में भाग लिया। छत्तीसगढ़िया पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिव साहू एवं संगठन महामंत्री सरजू प्रजापति, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के यूथ विंग के कार्यकारी अध्यक्ष समसुल आलम और प्रदेश प्रभारी नवीन अग्रवाल सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

जनहित को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगा एलायंस
बैठक में छत्तीसगढ़ थर्ड एलायंस की ओर से प्रदेश के क्षेत्रीय अधिकारों, स्थानीय रोजगार, प्राकृतिक संसाधनों में न्यायसंगत भागीदारी और लोकतांत्रिक जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर साझा राजनीतिक मंच विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

एलायंस की आगामी गतिविधियों को “छत्तीसगढ़िया प्रथम, जनहित सर्वोपरि और छत्तीसगढ़ के फैसलों में छत्तीसगढ़ की जनता की प्रभावी भागीदारी” के विचार के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक को प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने और जनहित के मुद्दों पर साझा पहल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here