बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने और फिल्मी गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वायरल वीडियो रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल के जन्मदिन समारोह से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की डिक्की में सजा केक, फिल्मी गाने पर बनाई रील
वायरल वीडियो में सड़क पर खड़ी एक कार की डिक्की खुली दिखाई दे रही है, जिसमें केक और जन्मदिन की सजावट की गई है। कार के आसपास मौजूद लोग जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता दिखाई देता है, हालांकि मौके पर आतिशबाजी किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
रात करीब एक बजे सड़क पर चल रहा था जश्न
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। सरजू बगीचा निवासी 35 वर्षीय अमित साहू रात करीब एक बजे रिवर व्यू रोड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर खड़ी कार और उसके आसपास जन्मदिन मनाते लोगों को देखा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सड़क पर कार खड़ी कर जश्न मनाने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। साथ ही इस तरह सड़क पर कार्यक्रम आयोजित करने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
23 अक्टूबर को दर्ज कराई गई शिकायत
घटना के चार दिन बाद, 23 अक्टूबर को अमित साहू ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित वाहन के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में कार का पंजीयन नंबर CG-04-NY-1910 बताया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और उसे सड़क पर किसने खड़ा किया था। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।
रायपुर का समझा जा रहा था वीडियो, बिलासपुर में हुई घटना
नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पदस्थापना रायपुर जिले में होने के कारण शुरुआत में सोशल मीडिया पर वीडियो को रायपुर का बताकर प्रसारित किया गया था। हालांकि, पुलिस की पड़ताल में घटना स्थल बिलासपुर का रिवर व्यू रोड सामने आया।






