रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के रायपुर प्रवास के पहले दिन ही पार्टी कार्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में उनके सख्त तेवर देखने को मिले। कार्यालय पहुंचते ही भारी संख्या में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि, यहाँ इतनी भीड़ करने का क्या मतलब है। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि, भविष्य में केवल उन्हीं लोगों को परिसर में बुलाया जाए, जिनकी उस समय बैठक निर्धारित हो।
परिसर में प्रवेश के समय प्रदेश के कुछ मंत्रियों, विधायकों को भी अपने वाहनों के साथ परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया गया। प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने रायपुर प्रवास के पहले दिन सुबह से लेकर शाम तक लगातार बैठकें ली। सभी बैठकों में जहां उन्होंने संगठन को लेकर सभी से चर्चा की, वहीं पार्टी की रीति-नीति पर भी बात की। प्रदेश के पदाधिकारियों को यह अलग ही बात सुनने को मिली कि पार्टी में मैडम शब्द का उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, देश में एक ही मैडम है वो हैं सोनिया गांधी।
भीड़ देखकर जताई नाराजगी
विमानतल से जब वह ठाकरे परिसर पहुंचीं, तो वहां पर भारी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को देखकर नाराजगी जताई और सवाल किया कि इतने लोगों को यहां पर क्यों और किसलिए बुलाया गया है। उन्होंने सभी से कहा सभी अपने-अपने बूथ में जाएं। यहां पर बेवजह किसी को रहने की जरूरत नहीं है। एक महिला नेत्री ने जब उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया, तो उनको भी उन्होंने मना कर दिया।
जिनकी बैठक उनकी ही एंट्री
मन की बात कार्यक्रम के बाद जब बैठकों का दौर प्रारंभ हुआ, तो परिसर में सिर्फ उनको ही प्रवेश दिया गया जिनकी बैठकें थीं, लेकिन परिसर में सभी को एक साथ प्रवेश भी नहीं दिया गया। जिनकी जिस समय बैठक थी, उस समय ही उनको प्रवेश दिया। अपनी बैठक का इंतजार करके कई नेता परिसर के बाहर रहे।
वाहनों को भी प्रवेश नहीं
ठाकर परिसर में किसी भी मंत्री, विधायक, सांसद और नेताओं को अपने वाहन के साथ प्रवेश करने नहीं दिया गया। प्रदेश के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, भपेंद्र सवन्नी, निगम, मंडल, आयोग के सभी अध्यक्ष, पूर्व सांसद और विधायकों सहित जितने भी नेता बैठक के लिए पहुंचे सभी के वाहन और उनके साथ आए लोगों को बाहर ही रोक दिया गया।






